| नमस्कार, नमस्कार, आज सोमवार है. समाचार और सोशल हलचल की दुनिया में आपका स्वागत है. मोहाली में एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी से लड़कियों के आपत्तिजनक वीडियो लीक होने के मामले में पुलिस एक्शन जारी है. इस मामले में पुलिस ने आरोपी लड़की को पहले गिरफ्तार किया फिर शिमला से उस लड़के को गिरफ्तार किया गया है, जिसे लड़की वीडियो भेजती थी. इसके अलावा एक अन्य आरोपी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है और इस वीडियो कांड की कड़ियां जोड़ने की कोशिश कर रही है. इस बीच दो दिनों के लिए यूनिवर्सिटी में पढ़ाई बंद कर दी गई है. इस घटना से जुड़ी तमाम हलचल हम आपको बताते रहेंगे. अब पंजाब की सियासत से एक बड़ी खबर है. आज पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं. 80 वर्षीय कैप्टन की सियासी जिंदगी का ये एक बड़ा मोड़ साबित होने जा रहा है. इस घटना से जुड़े सभी अपडेट हम आपको देते रहेंगे. आज से उत्तर प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र होने जा रहा है. इस दौरान सरकार और विपक्ष के बीच टकराव देखने को मिल सकता है. सपा नेता अखिलेश यादव आज विधानसभा भवन तक मार्च करने जा रहे हैं. विधानसभा में महंगाई, लॉ एंड ऑर्डर समेत कई मुद्दों पर हंगामा देखने को मिल सकता है. हम आपको विधानसभा की पल पल की कार्यवाही से अवगत कराते रहेंगे, आप बने रहिए हमारे साथ. आज सुकेश चंद्रशेखर से ठगी के मामले में अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज से फिर पूछताछ होगी. आज दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा जैकलीन का सामना फैशन डिजाइनर लीपाक्षी से कराएगी और दोनों से सवाल जवाब करेगी. इस अपडेट की जानकारी हम आपको देते रहेंगे. अगर बंगाल की बात करें तो आज ममता बनर्जी सरकार विधानसभा में केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरुपयोग के खिलाफ प्रस्ताव लाएगी. बता दें कि हाल के दिनों में ED ने बंगाल में लगातार कार्रवाई की है. आज के घटनाक्रम के बाद टीएमसी और बीजेपी में टकराव फिर बढ़ने के आसार हैं. आज लंदन में दुनिया भर के राष्ट्राध्यक्ष ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ को अंतिम विदाई देंगे. भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी एलिजाबेथ को श्रद्धांजलि देने लंदन पहुंचीं हैं, लंदन से हम आपको हर अपडेट बताते रहेंगे. आप बने रहिए हमारे साथ. |