| नमस्कार, आज शनिवार है और खबरों के लिहाज से बेहद अहम दिन है. आज नामीबिया से 8 चीते भारत आ रहे हैं. इनको मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में रखा जाएगा. आज पीएम मोदी का बर्थडे भी है. इसपर आज देशभर में कई कार्यक्रम होने हैं, इनपर भी हमारी नजर रहेगी. इसके अलावा शुक्रवार को AAP विधायक अमानतुल्लाह खान को एंटी करप्शन ब्यूरो ने गिरफ्तार कर लिया था, इससे जुड़े ताजा अपडेट्स भी हम आपको देंगे. लखीमपुर में हुए दो बहनों के मर्डर से जुड़ी हर ताजा अपडेट्स भी हम आपको देंगे. सबसे पहले बात करते हैं पीएम मोदी के बर्थडे की. पीएम मोदी का यह 72वां जन्मदिन है. बीजेपी मोदी के जन्मदिन को सेवा पखवाड़ा (17 सितंबर से 2 अक्टूबर) के रूप में मना रही है. कई जगह आज रक्तदान शिविर भी लगाए जाएंगे. युवराज सिंह, पीवी सिंधू, साइना नेहवाल ने इस ब्लड डोनेशन कैंप का समर्थन किया है. नामीबिया से भारत आ रहे 8 चीतों पर भी हमारी नजर है. इनको मध्य प्रदेश में कूनो नेशनल पार्क में रखा जाएगा. आज अपने बर्थडे पर पीएम मोदी नामीबिया से भारत आ रहे 8 चीतों का वेलकम करेंगे. मोदी आज चार जगह अहम भाषण भी देंगे. इनमें वन्यजीव और पर्यावरण, महिला सशक्तिकरण, कौशल और युवा विकास आदि पर बात होगी. अमानतुल्लाह खान की गिरफ्तारी से जुड़े ताजा अपडेट्स भी हम आपको देंगे. वक्फ बोर्ड में गड़बड़ी के मामले में उनके घर और करीबियों के ठिकानों पर एंटी करप्शन ब्यूरो ने छापा मारा था. ठिकानों पर छापे में 24 लाख रुपये कैश और दो पिस्टल मिली थीं. इसके बाद अमानतुल्लाह खान को गिरफ्तार कर लिया गया था. गिरफ्तारी के बाद खान के रिश्तेदारों ने हंगामा भी किया था. इसमें ACP पर हमले भी हुआ था. दूसरी तरफ AAP इस कार्रवाई को गलत बता रही है. महारानी एलिजाबेथ से जुड़ी ताजा खबरें भी हम आपको देंगे. आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी लंदन जाएंगी. वह राष्ट्रीय सम्मान के साथ हो रहे महारानी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगी. इसके अलावा शुक्रवार के बड़े इवेंट्स की बात करें तो कल पीएम मोदी SCO समिट में शामिल हुए. यहां मोदी ने रूस के राष्ट्रपति पुतिन, तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगान के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी की. इस कार्यक्रम में मोदी ने चीन के राष्ट्रपति जिनपिंग और पाकिस्तान के पीएम शहबाज से कोई बातचीत नहीं की. |