| नमस्कार, आज दिन शनिवार है. महाराष्ट्र की राजनीति में आज बड़ी हलचल है. सीएम उद्धव ठाकरे ने शिवसेना की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है. वहीं आदित्य ठाकरे शाम 6:30 बजे एक जनसभा को संबोधित करेंगे. शिवसेना ने 16 बागी विधायकों की सदस्यता रद्द करने के लिए डिप्टी स्पीकर को पत्र लिखा है. दूसरी तरफ, देवेंद्र फडणवीस ने बीजेपी गठबंधन की बैठक बुलाई है. आज गृहमंत्री अमित शाह गुजरात में डिजास्टर मैनेजमेंट और फॉरेंसिक साइंस पर आयोजित एक सेमिनार में हिस्सा लेंगे. विवादित बयान मामले में नूपुर शर्मा को मुंबई पुलिस के सामने पेश होना है. कांग्रेस हिमाचल प्रदेश में 'मेरा बूथ, सबसे मजबूत' नाम से अभियान शुरू करेगी तो कुल्लू में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान रोड शो करेंगे. झारखंड मुक्ति मोर्चा के सांसदों और विधायकों की बैठक होगी जिसमें राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा. महाराष्ट्र के मौजूदा राजनीतिक संकट के बीच शिवसेना के 16 बागी विधायकों की सदस्यता रद्द करने की मांग पर शुक्रवार रात विधानसभा सचिवालय में महाधिवक्ता आशुतोष कुंभकोनी के साथ अहम बैठक हुई. इसमें अरविंद सावंत, अनिल देसाई भी मौजूद रहे. अनिल देसाई ने बताया कि बागियों की सदस्यता रद्द करने को लेकर कानूनी पहलुओं पर चर्चा हुई. माना जा रहा है कि आज सभी बागियों को नोटिस भेजा जाएगा. मालूम हो कि शिवसेना ने महाराष्ट्र विधानसभा के डिप्टी स्पीकर को चिट्ठी लिखकर शिवसेना के बागी विधायकों की सदस्यता रद्द करने की मांग की है. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. 'लेडी डॉन' नामक ट्विटर अकाउंट से इसी साल 4 फरवरी को एक ट्वीट किया गया था, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जानलेवा हमले की धमकी दी गई थी. इसके बाद गोरखपुर के थाना कैंट में केस दर्ज किया गया था. इस मामले की जांच में पता चला कि जिसने यह ट्वीट कर धमकी दी थी, वह फिरोजाबाद का रहने वाला सोनू नाम का अपराधी है, जो आगरा की जेल में बंद है. देश में कोरोना के मामले तेज गति से बढ़ने लगे हैं. महाराष्ट्र में भी कोरोना का कहर जारी है. शुक्रवार को 4205 नए मामले सामने आ गए हैं. गुरुवार के मुकाबले में ये आंकड़ा कम जरूर हुआ है, लेकिन तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी है. चिंता का विषय ये है कि भी एक मरीज BA.5 वैरिएंट से संक्रमित मिली है. वे 19 जून को कोरोना पॉजिटिव निकली थीं, जीनोम सीक्वेंसिंग के बाद वे BA.5 वैरिएंट से संक्रमित पाई गई हैं. वैसे मामले जरूर ज्यादा सामने आ रहे हैं, लेकिन एक्सपर्ट्स के मुताबिक किसी भी मरीज में ज्यादा गंभीर लक्षण नहीं दिख रहे हैं. अस्पताल में भर्ती हो रहे मरीजों की संख्या भी कम चल रही है. अमेरिका में सुप्रीम कोर्ट ने एक बड़ा फैसला सुनाते हुए गर्भपात का संवैधानिक अधिकार खत्म कर दिया है. ऐसा कर कोर्ट ने अपने ही पांच दशक पुराने उस ऐतिहासिक फैसले को बदल दिया है जहां पर महिलाओं को गर्भपात करवाने का कानूनी दर्जा दिया गया था. सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा है कि संविधान गर्भपात का अधिकार नहीं देता है. हमारी तरफ से ‘रो वी वेड’ केस को खारिज कर दिया गया है. कोर्ट ने ये जरूर कहा है कि अमेरिका के सभी राज्य गर्भपात को लेकर अपने नियम-कानून बना सकते हैं.फिलहाल के लिए इतना ही देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए जुड़े रहिये आजतक डॉट इन के साथ. |