| नमस्कार, आज दिन रविवार है. महंगाई से परेशान लोगों के लिए आज राहत भरी खबर हो सकती है. सरकार ने पेट्रोल पर 8 रुपये और डीजल पर 6 रुपये प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी घटाने का फैसला किया है. इससे पेट्रोल 9.50 रुपये और डीजल 7 रुपये प्रति लीटर सस्ता हो गया है. वहीं PM उज्ज्वला योजना वाले सिलेंडर पर इस साल 200 रुपए की सब्सिडी दी जाएगी. नए रेट आज से लागू हो गए हैं. शनिवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि सीमेंट की उपलब्धता सुधार के लिए और सीमेंट की लागत को कम करने के लिए बेहतर लॉजिस्टिक्स का सहारा लिया जा रहा है. वहीं उन्होंने बताया कि स्टील के कुछ कच्चे माल पर भी आयात शुल्क को घटाया जाएगा. कुछ स्टील उत्पादों पर निर्यात शुल्क लगाया जाएगा. काशी में मौजूद ज्ञानवापी मस्जिद को लेकर बवाल-बहस जारी है. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सिविल कोर्ट ने शनिवार को ज्ञानवापी मामले से जुड़ी सभी फाइलें और दस्तावेज जिला जज कोर्ट को सौंप दिए हैं. हालांकि, आधिकारिक रूप से अभी तक किसी ने इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी है. अब इस मामले की सुनवाई 23 मई से जिला जज की अदालत में शुरू होगी. बनारस के डिस्ट्रिक्ट और सेशन जज डॉक्टर अजय कृष्णा विश्वेशा सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अब ज्ञानवापी मस्जिद मामले की सुनवाई करेंगे. वहीं, ज्ञानवापी-गौरी श्रृंगार परिसर के एक तहखाने की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं. आईपीएल 2022 के प्लेऑफ के लिए चारों टीमें तय हो गई हैं. शनिवार को मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को मात दी, इसी के साथ विराट कोहली की रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु प्लेऑफ में पहुंच गई है. अब प्लेऑफ में बेंगलुरु, लखनऊ, गुजरात और राजस्थान की भिड़ंत होनी है. इन्हीं में से आईपीएल 2022 का चैम्पियन मिलेगा. 27 महीने बाद जेल से रिहा हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक और पूर्व मंत्री आजम खान (Azam Khan) ने 88 मुकदमों और अपनी जेल यात्रा को लेकर Aajtak से खास बातचीत की. इस दौरान उन्होंने कहा कि मेरे ऊपर दर्ज 90 फीसदी मुकदमों में मेहरबानियां तो अपनों की हैं, इस घर को तो घर के चिराग से आग लगी है. साथ ही कहा कि मैं अखिलेश यादव से नाराज नहीं हूं और न ही 'हार्दिक पटेल' हूं. आज से सिखों के पवित्र धाम हेमकुंड साहिब के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुल जाएंगे. 5 हजार श्रद्धालु ही श्री हेमकुंड साहिब जी के दर्शन कर सकेंगे, भीड़ को देखते हुए ये फैसला लिया गया है. दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को ऑनलाइन या फिर ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है. इधर, पुणे में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे रैली करने वाले हैं. फिलहाल के लिए इतना ही देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए जुड़े रहिये आजतक डॉट इन के साथ. |