| नमस्कार, आज दिन शुक्रवार है. बात करें आज की बड़ी खबरों की तो सपा नेता आजम खान के लिए आज राहत भरा दिन है उनकी सीतापुर जेल से रिहाई हो सकती है. वहीं रोड रेज के एक मामले में दोषी पाए गए नवजोत सिंह सिद्धू सरेंडर कर सकते हैं. उनको सुप्रीम कोर्ट ने एक साल की सश्रम कारावास की सजा सुनाई है. ज्ञानवापी केस में आज सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट में अहम सुनवाई होनी है. सुप्रीम कोर्ट में आज प्रधान न्यायाधीश की बेंच में पेगासस मामले की सुनवाई हो सकती है. जम्मू की टाडा कोर्ट में एयरफोर्स जवानों की हत्या और रुबिया सईद अपहरण मामले की सुनवाई होगी. इलाहाबाद हाईकोर्ट में मुख्तार अंसारी की जमानत पर सुनवाई. पीएम मोदी आज जयपुर में आयोजित बीजेपी की बैठक में वर्चुअली हिस्सा लेंगे. गृहमंत्री अमित शाह आज देहरादून के एक दिन के दौरे पर हैं जहां वह कई सरकारी और पार्टी के कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. काशी विश्वनाथ मंदिर और ज्ञानवापी मस्जिद विवाद को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट में दाखिल सभी याचिकाओं पर जस्टिस प्रकाश पाडिया की सिंगल बेंच में आज सुनवाई होगी. हाईकोर्ट को यह तय करना है कि 31 साल पहले 1991 में दाखिल वाद की सुनवाई हो सकती है या नहीं. इस मामले में 16 मई को पिछली सुनवाई हुई थी. वहीं में ही आज भी सुप्रीमकोर्ट में सुनवाई होगी. समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और रामपुर से विधायक आजम खान आज जेल से बाहर आएंगे. सुप्रीम कोर्ट से आखिरकार जमानत मिल ही गई. सुप्रीम कोर्ट की तीन जजों की पीठ ने गुरुवार को आजम खान को अंतरिम जमानत दे दी. यूपी के सीतापुर जेल में वो 27 फरवरी 2020 से बंद हैं. अब देश की सबसे बड़ी अदालत से राहत मिलने के बाद आजम खान 27 महीने बाद जेल से बाहर आएंगे. नवजोत सिंह सिद्धू को रोड रेज मामले में बड़ा झटका लगा है. उनको सुप्रीम कोर्ट ने एक साल की सजा सुनाई है. यह रोड रेज का मामला 1988 का है. नवजोत सिंह सिद्धू को पहले इस मामले में राहत मिल गई थी. लेकिन रोड रेज में जिस शख्स की मौत हुई थी, उसके परिवार ने रिव्यू पिटीशन दायर की थी. अब उसपर सुनवाई करते हुए सिद्धू को एक साल सश्रम यानी कठोर कारावास की सजा सुनाई गई है. IPC की धारा 323 के तहत सिद्धू पर 34 साल पहले केस दर्ज हुआ था. इसमें अधिकतम एक साल की सजा ही हो सकती है. जानकारी के मुताबिक सिद्धू आज सरेंडर कर सकते हैं. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आजकल अफसरों की बैठकों के दौरान लगातार क्लास लगा रहे हैं. ताजा मामला गुरुवार को भू-अधिकार योजना के तहत रखे गए वर्चुअल कार्यक्रम का है जहां बुराहनपुर कलेक्टर प्रवीण सिंह को मुख्यमंत्री के गुस्से का सामना करना पड़ा. बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुरहानपुर कलेक्टर प्रवीण सिंह पर गुस्सा हो गए और उन्हें डांटते हुए कहा कि 'कलेक्टर बुरहानपुर इधर-उधर मुंडी नहीं हिलाएं. सामने देखें सीधे. प्रवीण, जब मैं बोल रहा हूं, तो तुम्हें बोलने का अधिकार नहीं है. मेरी नजर हर गतिविधि पर रहती है. अगर आप घर से निकल चुके हैं, लेकिन अपना एटीएम कार्ड साथ लाना भूल गए हैं. तब भी आपको घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि अब आप बिना कार्ड के भी एटीएम से कैश निकाल पाएंगे. आरबीआई ने इसके लिए नियम नोटिफाई कर दिए हैं. भारतीय रिजर्व बैंक ने अपने नोटिफिकेशन में कहा है कि देश के सभी बैंकों और एटीएम मशीन ऑपरेटरों को कार्ड के बिना कैश निकालने की फैसिलटी देनी होगी. अभी देश में कुछ बैंक अपने बैंक की एटीएम मशीन से कार्ड-लैस कैश विड्रॉल की सुविधा देते हैं. इसमें आईसीआईसीआई बैंक और एचडीएफसी बैंक काफी आगे हैं. फिलहाल के लिए इतना ही देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए जुड़े रहिये आजतक डॉट इन के साथ. |