| नमस्कार, ज्ञानवापी मस्जिद मामले में मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने शिवलिंग मिलने वाली जगह को सुरक्षित रखने का आदेश दिया है जबकि वाराणसी की अदालत ने कोर्ट कमिश्नर को हटाने का बड़ा फैसला सुनाया. जबकि आज नंदी के सामने की दीवार और मलबा हटाने पर सुनवाई होगी. आज बुधवार है और खबरों के लिहाज से अहम है. हम आपको सभी खबरों से रूबरू कराते रहेंगे. सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को ज्ञानवापी मस्जिद मामले में सुनवाई हुई. सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि यदि वहां कोई शिवलिंग है तो मुसलमानों के प्रार्थना करने के अधिकार को प्रभावित किए बिना शिवलिंग की रक्षा की जाए. कोर्ट ने निचली अदालत को निर्देश दिया कि जहां शिवलिंग मिला है, उस जगह को सुरक्षित रखा जाए. लेकिन, लोगों को नमाज से ना रोका जाए. इस मामले में गुरुवार को फिर सुनवाई होगी वाराणसी कोर्ट ने ज्ञानवापी मस्जिद मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए कोर्ट कमिश्नर अजय कुमार मिश्रा को उनके पद से हटा दिया. साथ ही सर्वे की रिपोर्ट पेश करने के लिए दो दिन की और मोहलत दी गई है. मुस्लिम पक्ष ने उन पर पक्षपात करने का आरोप लगाया था. अब कोर्ट ने भी उनके व्यवहार को गैर जिम्मेदारना माना है और उनपर जानकारी लीक करने का भी आरोप लगा है. साथ ही कहा गया है कि अजय मिश्रा ने एक प्राइवेट कैमरामैन को हायर किया था जो मीडिया को सारी जानकारी लीक कर रहा था. गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को जम्मू कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. इसे लेकर हुई हाई लेवल मीटिंग में जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला और खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुख शामिल हुए. बैठक में अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा को लेकर की गई तैयारियों का भी जायजा लिया गया. बैठक के बाद गृह मंत्री ने ऐलान किया कि पहली बार यात्रियों को RIFD कार्ड और पांच लाख रुपये का बीमा भी दिया जाएगा. जम्मू-कश्मीर में टार्गेट किलिंग थमने का नाम नहीं ले रही है. हाल ही में राहुल भट्ट की हत्या के बाद कश्मीरी पंडितों का गुस्सा फूट पड़ा था. मंगलवार को फिर दीवान बाघ इलाके में आतंकियों ने एक शराब की दुकान को निशाना बनाया. दुकान पर ग्रेनेड फेंका गया. इस हमले में एक शख्स की मौत हो गई है और तीन घायल बताए जा रहे हैं. हमले की जिम्मेदारी TRF नाम के संगठन ने ली है. मृतक का नाम रंजीत सिंह बताया गया है जो रजौरी का रहने वाला था. देश के उत्तरी हिस्से में भीषण गर्मी पड़ रही है तो दक्षिण भारत समेत पूर्वोत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदल गया है. असम में बाढ़ से बुरा हाल है और अगले 5 दिन तक भारी बारिश की चेतावनी जारी हुई है. केरल में भी अलर्ट जारी किया गया है. उधर बेंगलुरु में भी जोरदार बारिश से हाल बेहाल है. जलभराव की वजह से जीवन अस्त व्यस्त हो गया है. रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है. जहग-जगह सड़क पर खड़ी गाड़ियां पानी में डूबी नजर आ रही हैं. कई घरों और स्कूलों में पानी घुस गया है. |