| नमस्कार, आज बुधवार है. सप्ताह का तीसरा दिन है, और ख़बरों के लिहाज से काफी अहम दिन होने वाला है. महंगाई की मार के बीच आम आदमी की जेब में एक बार फिर असर पड़ने के संकेत हैं. सेंट्रल बैंक आज फिर से रेपो रेट बढ़ाने का ऐलान कर सकती है. वहीं बीते दिन जोधपुर में एक बार फिर सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया है. दो समुदाय के लोगों के बीच पथराव हुआ है. इसी बीच आतंकी संगठन अल कायदा ने भारत में आत्मघाती हमले करने की धमकी दी है. वहीं सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में स्पेशल सेल की पूछताछ में लॉरेंस बिश्नोई ने बड़ा खुलासा किया है. इन सभी ख़बरों पर बात करेंगे लेकिन सबसे पहले चर्चा जोधपुर की. जोधपुर में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति पैदा हो गई है. दो पक्षों के बीच जमकर पत्थर चले हैं. जानकारी के मुताबिक सूरसागर के रॉयल्टी नाके के पास ये बवाल देखने को मिला है. इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया इसके अलावा तीन लोगों को पकड़ा भी गया है. इस पर हमारी नजर बनी रहेगी. रिजर्व बैंक ने मई में मौद्रिक नीति समिति की आपात बैठक बुलाई थी. महंगाई बेहिसाब बढ़ जाने के कारण रिजर्व बैंक को ऐसा करना पड़ा था. उसके बाद जून महीने में मौद्रिक नीति समिति की नियमित बैठक तय थी. जून की एमपीसी बैठक इस सप्ताह सोमवार को शुरू हुई और आज संपन्न होगी. बैठक के बाद रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास निर्णयों की जानकारी देंगे. ऐसे में पूरे अनुमान हैं कि फिर से रेपो रेट बढ़ाए जा सकते हैं. आतंकी संगठन अल कायदा ने भारत में आत्मघाती हमले करने की धमकी दी है. उसने आधिकारिक तौर पर धमकी दी कि वह गुजरात, यूपी, बॉम्बे और दिल्ली में आत्मघाती हमने करने के लिए तैयार है. साथ ही उसने कहा कि जल्द ही बीजेपी का अंत होगा. टीबी डिबेट के दौरान बीजेपी नेता नूपुर शर्मा ने जो बयान दिया था, उसी को लेकर अल कायदा ने यह धमकी दी है. उसने अपने मैसेज में डिबेट का भी जिक्र किया है. ज्ञानवापी मामले में पहले भी अपनी जान को खतरा बता चुके सिविल जज रवि दिवाकर को धमकी भरी चिट्ठी भेजी गई है. उस चिट्ठी में उन्हें बुतपरस्त काफिर बताकर धमकी दी जा रही है. चिट्ठी मिलने के बाद मुख्य सचिव गृह से आरोपी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग हो रही है. ज्ञानवापी में सर्वे वाला फैसला भी उन्होंने ही सुनाया था. उस समय भी सर्वे का फैसला सुनाते वक्त सिविल जज ने अपनी जान को खतरा बताया था. वहीं पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद लॉरेंस बिश्नोई से स्पेशल सेल की पूछताछ में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं. स्पेशल सेल की पूछताछ में सामने आया है कि लॉरेंस बिश्नोई सिद्धू मूसेवाला पर दवाब बनाना चाहता था. लॉरेंस और गोल्डी बरार चाहते थे कि मूसेवाला उसके लिए गाना गाए. लेकिन ऐसा नहीं हुआ. ऐसे में लॉरेंस के गुर्गों ने सिद्धू मूसेवाला को धमकी भी दी थी. जिसके बाद मूसेवाला, बंबीहा गैंग के संपर्क में आ गए थे. अभी के लिए इतना ही, ख़बरों की दुनिया से जुड़े रहने के लिए बने रहिये आजतक डॉट इन के साथ. |