| नमस्कार, आज मंगलवार है. खबरों के लिहाज से आज का दिन अहम होने वाला है. नूपुर शर्मा के कथित विवादित बयान का मामला काफी गर्म है. अब तक 12 मुस्लिम देशों ने बयान को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है. वहीं, सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड मामले में पंजाब पुलिस ने केकड़ा नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है. दूसरी तरफ डीआरडीओ ने बीते दिन अग्नि-IV मिसाइल का सफल परीक्षण किया है. इन सभी खबरों पर बात करेंगे, लेकिन सबसे पहले बात सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में पुलिस के एक्शन की... सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में पंजाब पुलिस ने केकड़ा नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है. शुरुआती जांच के बाद कहा जा रहा है कि शूटर्स को गाड़ी मुहैया करवाने का काम इसी शख्स ने किया था. लेकिन केकड़ा की भूमिका सिर्फ गाड़ियों के इंतजाम करने तक सीमित नहीं है. पूछताछ में पता चला है कि केकड़ा ने सिद्धू मूसेवाला के साथ सेल्फी भी ली थी. वो एक फैन बन सिंगर के पास गया था और करीब 45 मिनट तक उनके घर के बाहर रहा. इस पूरे मामले में हमारी नजर बनी रहेगी. बीजेपी प्रवक्ता नूपुर शर्मा की ओर से एक टीवी डिबेट में पैगंबर मुहम्मद के खिलाफ की गई टिप्पणी पर बहुत से इस्लामिक देशों की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है. मामले ने राजनयिक स्तर पर भी तूल पकड़ लिया है और कतर, ईरान और कुवैत ने देश में स्थित भारतीय राजदूतों को तलब कर अपनी नाराजगी जाहिर की है. ऐसे में बयान को लेकर अबतक 12 मुस्लिम देश आपत्ति दर्ज करा चुके हैं. भारतीय सेना और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने अपनी ताकतवर इंटरमीडिएट रेंज बैलिस्टिक मिसाइल (IRBM) अग्नि-4 का सफल परीक्षण किया है. यह टेस्टिंग ओडिशा के चांदीपुर स्थित एपीजे अब्दुल कलाम आइलैंड पर 6 जून 2022 की शाम साढ़े सात बजे की गई. कानपुर हिंसा मामले में यूपी पुलिस ने सीसीटीवी और वीडियो फुटेज खंगालने के बाद 40 आरोपियों की तस्वीरें जारी की है. इन सभी उपद्रवियों पर हिंसा में शामिल होने का आरोप है. पुलिस ने इन आरोपियों की सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखने का ऐलान किया और इसके लिए मोबाइल नंबर भी जारी किया गया है. इसके अलावा कांग्रेस नेता और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू को लीवर से जुड़ी समस्या सामने आने के बाद सोमवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया. उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई के नेहरू अस्पताल एक्सटेंशन के हेप्टोलॉजी वार्ड में भर्ती कराया गया है. जहां वो डॉक्टर्स की निगरानी में हैं. अभी के लिए इतना ही देश दुनिया की तमाम खबरों के लिए जुड़े रहिये आजतक डॉट इन के साथ. |