| नमस्कार, आज दिन सोमवार है. उत्तरकाशी में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया. यमुनोत्री के लिए जा रही एक बस खाई में गिर गई. बस में मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के 28 यात्री सवार थे, जिसमें 26 की मौत हो गई है. हादसा यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर डामटा के पास हुआ था. पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू में लगी हैं. इधर, हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया. साथ ही मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की. आज मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी घटनास्थल का मुआयना करेंगे. पैगंबर मोहम्मद पर बीजेपी नेताओं की विवादित टिप्पणी को लेकर कतर-कुवैत-ईरान के बाद पाकिस्तान ने ऐतराज जताया है. कुवैत ने भारतीय दूत सिबी जॉर्ज को बीजेपी नेताओं के विवादित बयान को लेकर तलब किया. इससे पहले कतर ने भी भारतीय राजदूत को तलब किया था. वहीं, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा- 'मैं हमारे प्यारे पैगंबर के बारे में भारत के बीजेपी नेताओं की आहत करने वाली टिप्पणियों की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं'. बता दें कि बीजेपी नेता नूपुर शर्मा ने एक टीवी न्यूज चैनल पर बहस के दौरान पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ विवादित टिप्पणी कर दी थी. पार्टी ने उन्हें सस्पेंड कर दिया है. साथ ही दिल्ली बीजेपी मीडिया प्रभारी नवीन कुमार जिंदल को भी पार्टी से निकाल दिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 10.30 बजे नई दिल्ली के विज्ञान भवन में जन समर्थ पोर्टल लॉन्च करेंगे. PMO के मुताबिक, जन समर्थ पोर्टल से सभी तरह की क्रेडिट आधारित सरकारी योजनाएं लिंक्ड रहेंगी. साथ ही पीएम एक रुपये, दो रुपये, पांच रुपये, 10 रुपये और 20 रुपये की खास सिक्के भी जारी करेंगे. आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज गुजरात के मेहसाणा शहर में 'तिरंगा यात्रा' के साथ रोड शो करेंगे. यह दिल्ली के मुख्यमंत्री की तीन महीने में गुजरात की चौथी यात्रा होगी, जहां इस साल दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं. इधर, आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद उत्तर प्रदेश विधानमंडल के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे. राफेल नडाल ने फ्रेंच ओपन टेनिस के पुरुष सिंग्लस का खिताब जीत लिया है. रविवार को पेरिस में खेले गए फाइनल मुकाबले में नडाल ने आठवीं वरीयता प्राप्त नॉर्वे के कैस्पर रूड को 6-3, 6-3, 6-0 से मात दी. दोनों खिलाड़ियों के बीच यह मुकाबला 2 घंटे 18 मिनट तक चला. नडाल का यह 14वां फ्रेंच ओपन खिताब था. साथ हीकुल मिलाकर नडाल का यह 22वां गैंड स्लैम टाइटल रहा. सलमान खान और उनके पिता सलीम खान के नाम किसी अनजान शख्स ने धमकी भरा लेटर भेजा है. खबर है कि एक धमकी भरे लेटर को रविवार को बांद्रा के बैंडस्टैंड प्रोमेनाड में पाया गया. इस लेटर में सलीम और सलमान को जान से मारने की धमकी दी गई है. लेटर सलीम खान के गार्ड को उस जगह मिला था जहां सलीम अपनी मॉर्निंग वॉक के बाद जाकर बैठते हैं. इस मामले को लेकर मुंबई की बांद्रा पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है. फिलहाल के लिए इतना ही देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए जुड़े रहिये आजतक डॉट इन के साथ. |