| नमस्कार, आज दिन शनिवार है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजकोट में एक अस्पताल का उद्घाटन और एक सेमिनार को संबोधित करेंगे. गृहमंत्री अमित शाह आज से 2 दिन के गुजरात दौरे पर रहेंगे. ज्ञानवापी विवाद को लेकर जमियत-उलेमा-ए-हिंद की ओर से मुस्लिम संगठनों की बैठक बुलाई है. मुंबई के भिवंडी में असदुद्दीन ओवैसी एक रैली को संबोधित करेंगे. वहीं शुक्रवार को लद्दाख में 26 जवानों से भरी बस नदी में गिर गई. इस हादसे में सेना के सात जवानों की मौत हो गई है और कई जवान घायल बताए जा रहे हैं. हादसे के तुरंत बाद जवानों का रेस्क्यू कर लिया गया था. उन्हें अस्पताल में एडमिट भी करवाया गया, लेकिन हादसे में सात जवानों की मौत हो गई और कई को गहरी चोटें भी आई हैं. ये हादसा थोइस से लगभग 25 किमी दूर हुआ है. जहां सेना की बस श्योक नदी में करीब 50-60 फीट गहराई में गिर गई. जिसमें सेना के सभी जवान घायल हो गए. सभी जवानों को परतापुर के 403 फील्ड अस्पताल पहुंचाया गया था और लेह से सर्जिकल टीमों को परतापुर भेजा गया. हालांकि इनमें से सात जवानों को मृतक घोषित किया जा चुका है. वाराणसी जिला कोर्ट ने ज्ञानवापी मस्जिद के सर्वे का वीडियो जारी करने का आदेश जारी कर दिया है. मस्जिद के अंदर फव्वारा है या शिवलिंग, इसका सच 30 मई को देश के सामने आने की उम्मीद है. कोर्ट इसी दिन सर्वे का वीडियो और फोटोग्राफ जारी करेगी. बता दें कि इससे पहले ज्ञानवापी मस्जिद की देखरेख करने वाली अंजुमन इंतजामियां मसाजिद कमेटी ने जिला जज की अदालत में एक और प्रार्थना पत्र दिया था. इस पत्र में मांग की गई कि ज्ञानवापी मस्जिद में कमीशन ने जो सर्वे किया है, उसके वीडियो और फोटो सार्वजनिक न किए जाएं. काशी की ज्ञानवापी मस्जिद से लेकर मथुरा की ईदगाह, दिल्ली के कुतुबमीनार-जामा मस्जिद और यूनिफॉर्म सिविल कोड पर सियासत तेज हो गई है. काशी-मथुरा का तो मामला अदालत के दहलीज तक पहुंच गया है. इन तमाम मुद्दों पर भले ही राजनीतिक दल और मुसलमान खामोशी अख्तियार किए हुए हों,लेकिन मुस्लिम संगठन सक्रिय हो गए हैं. दिल्ली से लेकर देवबंद और लखनऊ तक मुस्लिम संगठनों के बैठकों का दौर जारी है. इनमें मुसलमानों से जुड़े मुद्दों पर विचार करने के साथ-साथ आगे की रणनीति के लिए रूपरेखा भी तय की जा रही है. मुसलमानों के सामने मौजूदा खड़ी समस्याओं पर विचार करने के लिए देवबंद में जमीयत उलेमा-ए-हिन्द ने 28 मई को दो दिवसीय एक कॉन्फ्रेंस बुलाई है. उत्तर प्रदेश के मेरठ के मेडिकल थाने में जमकर हंगामा हुआ. भीड़ धरने पर बैठ गई. हंगामा करने वाले खुद को बीजेपी कार्यकर्ता बता रहे थे. उनका कहना था कि एक महिला के पति का देहांत हो चुका है. उसकी दुकान पर उसके देवर ने कब्जा कर लिया था. उसकी शिकायत पर थाने में सुनवाई नहीं की गई. इसी को लेकर थाने में भीड़ जमा हो गई. थाने में जमा लोगों का आरोप था कि थानेदार और थाने के सिपाहियों ने महिला और उनके साथ अभद्रता की है. इस मामले के बाद मेडिकल थाने के गेट पर एक पोस्टर लगा दिया गया. जिस पर लिखा था- 'भाजपा कार्यकर्ताओं का थाने में आना मना है.' इसके नीचे थानेदार का नाम भी छपा है. पुलिस अधिकारी का कहना है कि इस मामले की जांच की जा रही है, जिसने पोस्टर लगाया है, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. राजस्थान रॉयल्स ने क्वालिफायर-2 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को हराकर इंडियन प्रीमियर लीग 2022 के फाइनल में जगह बना ली है. अब 29 मई को राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटन्स के बीच खिताब के लिए जंग होगी. राजस्थान रॉयल्स की टीम 14 साल के बाद आईपीएल फाइनल में पहुंची है.क्वालिफायर-2 गंवाने के साथ ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सफर यहां खत्म हुआ और टीम का सपना फिर से टूट गया है. राजस्थान रॉयल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 7 विकेट से मात दी है. क्वालिफायर-2 में बेंगलुरु ने पहले बैटिंग करते हुए 158 का स्कोर बनाया था, जवाब में राजस्थान ने 19वें ओवर में सिर्फ 3 विकेट खोकर इस स्कोर को पा लिया. फिलहाल के लिए इतना ही देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए जुड़े रहिये आजतक डॉट इन के साथ. |